महराजगंज। बाढ़ से फसल बर्बाद होने के बाद किसानों को राहत देने के लिए प्रशासन ने मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निचलौल तहसील क्षेत्र के पांच गांवों के 1399 किसानों को करीब 56 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। राजस्व विभाग ने कुल 275 हेक्टेयर फसल के नुकसान का आकलन किया है।
सोमवार को निचलौल तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रेम सागर पटेल ने एसडीएम अवनीश त्रिपाठी की मौजूदगी में 25 किसानों को डेमो चेक देकर मुआवजा वितरण की शुरुआत की। इस पहल से बाढ़ के कारण फसल गंवाने वाले किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
इन पांच गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ
मुआवजे के लिए सोहगीबरवा, शिकारपुर, भोथहा, लक्ष्मीपुर खुर्द और लक्ष्मीपुर कला गांव के किसानों को चिह्नित किया गया है। राजस्व विभाग की ओर से फसल नुकसान का आकलन करने के बाद पात्र किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
पात्र किसानों के खातों में भेजी जाएगी राशि
एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि शेष पात्र किसानों के बैंक खातों में भी मुआवजे की राशि भेजी जाएगी।
प्रशासन की ओर से किसानों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कार्यक्रम में तहसीलदार अमित कुमार सिंह सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।