महराजगंज। शारदीय नवरात्र पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान लेहड़ा देवी मंदिर परिसर की दो दुकानों से पेड़ा के नमूने लिए गए। वहीं, महराजगंज के एक मार्ट से फाफड़ आटा और सिंघाड़ा आटा के नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
मंदिर परिसर की दुकानों का किया निरीक्षण
प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय केके उपाध्याय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अभियान चलाया। टीम ने सबसे पहले लेहड़ा देवी मंदिर परिसर में एक टी स्टॉल का निरीक्षण किया और वहां से पेड़ा का नमूना लिया। इसके बाद दूसरी टी स्टॉल की जांच कर वहां से भी पेड़ा का सैंपल एकत्र किया गया।
मार्ट से आटे के नमूने लिए
अभियान के दौरान टीम ने महराजगंज स्थित एक मार्ट का भी निरीक्षण किया। यहां से फाफड़ आटा और सिंघाड़ा आटा के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।
ये अधिकारी रहे शामिल
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह, हंसराज प्रसाद, पवन गोंड और हिमांशु जयंत शामिल रहे। नवरात्र के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई।