महराजगंज में सड़क सुरक्षा अभियान: बिना हेलमेट वालों को गुलाब देकर किया जागरूक

    13-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर मंगलवार को सक्सेना नगर चौराहे पर यातायात पुलिस ने एनसीसी कैडेट्स के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और सुरक्षित सफर का संदेश दिया गया।

बिना हेलमेट वालों को गुलाब देकर किया जागरूक
अभियान के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले लोगों को गुलाब देकर हेलमेट पहनने की अपील की। इस पहल के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया। वहीं, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया गया। ई-रिक्शा चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाने की अपील की गई, ताकि सड़क पर दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

बड़े वाहनों को रास्ता देने की अपील
यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने वाहन चालकों को अनावश्यक रूप से हॉर्न नहीं बजाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते समय संयम बरतना और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने छोटे वाहन चालकों से बड़े वाहनों को अनावश्यक रूप से रोकने के बजाय पहले रास्ता देने की अपील की। उन्होंने सभी वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की।

यातायात पुलिसकर्मी और एनसीसी कैडेट्स रहे मौजूद
इस जागरूकता अभियान में टीएसआई सलामुद्दीन खान, विनोद सिंह समेत कई यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एनसीसी कैडेट्स अर्चना यादव, अनु, खुशबू पासवान, अंशु यादव, रागिनी चौधरी, सुहाना, अर्पित पांडेय, साहिबा, अनुसूमा, रुचि और रिमझिम ने भी सक्रिय भागीदारी की।

यातायात पुलिस और एनसीसी कैडेट्स की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना रहा।

आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।