
महराजगंज। महराजगंज में कलक्ट्रेट परिसर में आगामी विधानसभा चुनाव के चलते EVM व VVPAT के प्रथम स्तरीय जांच शुरू हो गई हैं। डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने इसका पूर्ण से निरीक्षण किया। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों और अधिकृत इंजीनियरों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि निर्वाचन से पहले चुनाव में इस्तेमाल की जाने वाली EVM और VVPAT की जांच एवं परीक्षण संबंधित निर्माता कंपनियों के अधिकृत अभियंताओं द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में की जाती है।
जांच में निर्धारित मानकों पर सही ईवीएम और वीवीपैट को ही निर्वाचन प्रक्रिया में उपयोग के लिए रखा जाता है। बताया गया कि आने वाले विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में उपयोग होने वाली ईवीएम और वीवीपैट की एफएलसी पूर्ण होने तक चलेगी। यह जांच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के अधिकार प्राप्त अभियंताओं द्वारा की जा रही है। FLC के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं। ताकि आने वाले चुनाव में कोई परेशानी का सामना न किया जाये।

