महराजगंज। जिले में बागापार से बेलवाकाजी होते हुए चाफी टोला के रास्ते सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के वनग्राम बीट नर्सरी तक जाने वाली सड़क की हालत खराब हो गई है। चाफी टोला के पास सड़क का एप्रोच पूरी तरह टूट चुका है। वहीं, बगल की पिच सड़क भी क्षतिग्रस्त होकर नहर में मिल गई है। इससे यहां एक खतरनाक गड्ढा बन गया है, जो राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क टूटने के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कोहरे के दौरान यह रास्ता और भी खतरनाक हो जाता है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों मिथिलेश सिंह, अवधेश कुमार, विद्यासागर यादव, अवधराज प्रजापति, रवींद्र शाही, दीपक शर्मा और हरिद्वार ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार अधिकारियों को शिकायत पत्र दिया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
यह सड़क शंकरपुर, फुर्सतपुर, बरगदवा राजा, जगपुर उर्फ सलामतगढ़, रानीपुर, गौहरपुर और समरधीरा समेत दर्जनों गांवों को जोड़ती है।
सड़क की खराब स्थिति से इन गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से टूटे हुए एप्रोच और क्षतिग्रस्त पिच सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि हादसों पर रोक लग सके और लोगों का आवागमन सुरक्षित हो सके।