महराजगंज। तहसील क्षेत्र के गेड़हवा गांव में मगरमच्छ के हमले में जान गंवाने वाले छांगुर के परिवार को शासन की ओर से आर्थिक सहायता दी गई है। मंगलवार को विधायक प्रेमसागर पटेल ने मृतक के घर पहुंचकर उसकी पत्नी माया देवी को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले छांगुर नहर में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान मगरमच्छ उन्हें पानी में खींच ले गया था। घटना के अगले दिन उनका शव बरामद हुआ था। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
विधायक प्रेमसागर पटेल ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
सरकार की ओर से दी गई आर्थिक सहायता का उद्देश्य पीड़ित परिवार को मुश्किल समय में सहारा देना है।
वहीं, तहसीलदार अमित कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के तहत पांच लाख रुपये का चेक सौंपा गया है।