लेहड़ा देवी मंदिर और मेला क्षेत्र का DIG ने किया निरीक्षण, फरेंदा में पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा

    14-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। शारदीय नवरात्रि और दुर्गापूजा के मद्देनजर महराजगंज पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट है। इसी क्रम में गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) ने बृजमनगंज थाना क्षेत्र स्थित मां लेहड़ा देवी मंदिर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने के साथ CCTV कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान DIG ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन, सतर्कता और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि दर्शन-पूजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

इसके बाद DIG ने फरेंदा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने त्योहारों के दौरान पुलिस की सक्रियता बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने पर जोर दिया। साथ ही शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज और क्षेत्राधिकारी फरेंदा भी मौजूद रहे। महराजगंज पुलिस के अनुसार, त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।