त्योहारों से महकेगा फूलों का बाजार, गेंदा-माला से गुलाब तक की बढ़ी मांग की उम्मीद

    14-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। त्योहारों का उल्लास बढ़ने के साथ ही फूलों का बाजार भी सजने लगा है। पूजा-पाठ, मंदिरों में चढ़ावे और घरों की सजावट के लिए फूलों की मांग बढ़ने की उम्मीद में कारोबारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाजार में गेंदा, गुलाब, जरबेरा और अन्य फूलों की मांग को देखते हुए विक्रेताओं को त्योहारों के दौरान अच्छी बिक्री होने की आस है।

शहर के दुर्गा मंदिर के पास फूलों की दुकान लगाने वाले पारस ने बताया कि स्थानीय बाजार की मांग पूरी करने के लिए अलग-अलग शहरों से फूल मंगाए जाते हैं। बनारस और कलकत्ता से गेंदा, कानपुर से गुलाब की पंखुड़ियां, जबकि राजस्थान से गेंदा, गुलाब समेत अन्य फूलों की आपूर्ति होती है।

उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान मंदिरों में चढ़ावे के लिए गेंदा की माला और खुले फूलों की मांग बढ़ जाती है। इसके अलावा घरों और पूजा पंडालों की सजावट में भी फूलों का इस्तेमाल किया जाता है। इसी वजह से त्योहार नजदीक आते ही फूल कारोबारियों की उम्मीदें बढ़ने लगती हैं।

फिलहाल ये हैं फूलों के दाम
वर्तमान में बाजार में गेंदा की माला 50 से 60 रुपये तक बिक रही है। वहीं, गुलाब का एक फूल 15 से 20 रुपये और जरबेरा का एक फूल 10 रुपये में उपलब्ध है। इसके अलावा कुंद की लड़ी 10 से 15 रुपये तक मिल रही है। कारोबारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान फूलों की मांग और बिक्री में बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, फूलों की कीमतें बाजार में आवक और मांग के अनुसार तय होंगी। ऐसे में त्योहारों के करीब आने पर फूलों के कारोबार में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।