
महराजगंज। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत भिटौली पुलिस ने बुधवार को धर्मपुर गांव में जरूरतमंद और बुजुर्ग महिलाओं के साथ त्योहारों की खुशियां साझा कीं। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को मिठाई और शॉल वितरित कर उनका हालचाल जाना। उपहार पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम और भिटौली थाना प्रभारी सत्येंद्र राय मिशन शक्ति टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने गांव की जरूरतमंद एवं वृद्ध महिलाओं को मिष्ठान और शॉल देकर त्योहार की खुशियों में शामिल किया।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को लेकर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। भिटौली पुलिस की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद और बुजुर्ग महिलाओं के साथ खुशियां साझा करना और उनके प्रति संवेदनशीलता का संदेश देना रहा।त्योहार के अवसर पर मिले उपहारों से महिलाएं काफी प्रसन्न नजर आईं। पुलिस की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।