
महराजगंज। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन जिलेभर में मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कुष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भक्तों ने माता रानी की पूजा कर आरती उतारी और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, नवरात्र को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दुर्गा पूजा पंडालों का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूजा स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
लेहड़ा वाली मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे भक्त
फरेंदा क्षेत्र में नवरात्र के चौथे दिन प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां लेहड़ा वाली मंदिर, आनंदनगर दुर्गा मंदिर और लेहड़ा खास स्थित मां समय माता स्थान पर भक्तों ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
मां लेहड़ा वाली मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ आरती और कीर्तन में शामिल होने के लिए भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।मंदिर के पुजारी संतोष पांडेय ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन के साथ स्वयंसेवक भी जुटे हुए हैं।
सीमावर्ती गांवों के दुर्गा पंडालों में भी उमड़ी भीड़
खनुआ क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों में भी नवरात्र की धूम देखने को मिली। बुधवार को खनुआ, हरदीडाली और कैथवलिया उर्फ बरगदही सहित कई गांवों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया।
पंडालों में मां कुष्मांडा का फल, फूल और मेवे से विशेष शृंगार किया गया। भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया। शाम होते ही पंडालों में आरती और देवी जागरण के आयोजन हुए। इस दौरान पूरा सीमावर्ती क्षेत्र ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा।
दुर्गा पूजा पंडालों में तेज हुई तैयारियां
नवरात्र के साथ ही जिले के विभिन्न इलाकों में दुर्गा पूजा पंडाल धीरे-धीरे आकार लेने लगे हैं। आयोजक पंडालों की सजावट और धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे हैं। वहीं, प्रशासन भी पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए निरीक्षण कर रहा है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। जिलेभर में नवरात्र को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है और मंदिरों से लेकर पूजा पंडालों तक धार्मिक गतिविधियां जारी हैं।