घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला महिला का शव, पति गिरफ्तार, तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

    15-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव के टोला अकटहवा में बुधवार सुबह घर के अंदर एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रीमा गिरी के रूप में हुई है। महिला के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ चरित्र पर संदेह के चलते गला दबाकर हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।


जानकारी के अनुसार, रीमा गिरी का मायका कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के सिसवा गोपाल गांव में है। वर्ष 2012 में उसकी शादी सिंदुरिया थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव के टोला अकटहवा निवासी रोशन के पुत्र रविशंकर से हुई थी।


मृतका के भाई जसवंत गिरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि रविशंकर ने चरित्र पर संदेह के चलते उसकी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर सिंदुरिया पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।


देर रात तीन बजे पति-पत्नी के बीच विवाद

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार देर रात करीब तीन बजे पति-पत्नी के बीच घर में विवाद हुआ था। इसकी जानकारी मृतका की बड़ी बेटी खुशी ने दी। हालांकि, महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगी।


रीमा गिरी के तीन बच्चे हैं। इनमें बड़ी बेटी खुशी परी और बेटा गुलशन शामिल हैं। मां की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान आरोपी रविशंकर (37) पुत्र रोशन को हरिहरपुर गांव के टोला मोतीपुर स्थित नहर फाटक के पास से गिरफ्तार किया गया।


गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।थानाध्यक्ष अनूप तिवारी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर चलेगा।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।