महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा और छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल गोरखपुर में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बलुआभार निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र विश्वकर्मा अपने 18 वर्षीय भतीजे सागर और 16 वर्षीय किशन के साथ एक ही बाइक से नटवा जंगल गए थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नटवा जंगल के पास अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया।
कुत्ते को बचाने की कोशिश में बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया।
बाइक पहले कुत्ते से टकराई और फिर सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
रास्ते में किशोर ने तोड़ा दम
हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से तीनों घायलों को निजी साधन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल गोरखपुर ले जाया जाने लगा।
हालांकि, रास्ते में ही 16 वर्षीय किशन की मौत हो गई। वहीं, जितेंद्र विश्वकर्मा और सागर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।