महराजगंज। उत्तर प्रदेश के एटा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चामुंडा मंदिर में दर्शन करने के बाद चाऊमीन, आइसक्रीम और कोल्ड्रिंक का सेवन करने वाली 14 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान मिरहची निवासी भावना उर्फ तनु के रूप में हुई है।
इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, मंदिर में दर्शन करने के बाद छात्रा ने चाऊमीन, आइसक्रीम और कोल्ड्रिंक का सेवन किया था। कुछ देर बाद उसे उल्टी होने लगी और वह बेहोश हो गई। परिजन उसे तत्काल कासगंज के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार, आशंका है कि चाऊमीन का टुकड़ा सांस की नली में फंसने के कारण छात्रा की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि संबंधित जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।
कम उम्र में छात्रा की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।