
महराजगंज। दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने त्रिमुहानी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और आपातकालीन इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
आज 26 प्रतिमाओं का होगा विसर्जन
जिला प्रशासन के अनुसार, सदर क्षेत्र की 12 और फरेंदा क्षेत्र की 14 दुर्गा प्रतिमाओं का आज विसर्जन किया जाएगा। इसको देखते हुए घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाए। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधन और राहत व्यवस्था तैयार रखी जाए। जिला प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।