सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म 'तू है मेरी किरण' की रिलीज का रास्ता साफ, 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

    22-Oct-2026   
Total Views |

बॉलीवुड। सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म 'तू है मेरी किरण' की रिलीज को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। हालांकि, फिल्म के प्रोड्यूसर विशाल राणा और सर्वेश गोयल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत से मामला सुलझा लिया गया है। अब फिल्म तय तारीख यानी 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


फिल्म के प्रोड्यूसर विशाल राणा ने बताया कि विवाद से जुड़े मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म की रिलीज की तैयारी पहले से तय योजना के अनुसार चल रही है और इसे 23 अक्टूबर को ही सिनेमाघरों में उतारा जाएगा। वहीं, प्रोड्यूसर सर्वेश गोयल ने भी कहा कि फिल्म को लेकर जो मामला सामने आया था, उसका समाधान हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक फिल्म को उसी भावना के साथ देखेंगे, जिस सोच के साथ इसे बनाया गया है।


फिल्म की रिलीज को लेकर विवाद प्रोडक्शन कंपनियों के बीच पैसों के लेन-देन से जुड़ा था। 'एंड मूवी प्रोडक्ट्स एलएलपी' ने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया था कि उसने मार्च 2024 में हुए को-प्रोडक्शन समझौते के तहत फिल्म में 8.85 करोड़ रुपये लगाए थे। याचिका के मुताबिक, रकम वापस करने की तय समय सीमा खत्म हो चुकी थी। कंपनी ने यह भी दावा किया कि भुगतान के लिए दिया गया चेक बाउंस हो गया था।


इस मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने 19 अक्टूबर को आदेश दिया था कि को-प्रोडक्शन कंपनी 'एशेलॉन प्रोडक्शंस' तीन कामकाजी दिनों के भीतर 'एंड मूवी प्रोडक्ट्स एलएलपी' को 8.85 करोड़ रुपये लौटाए। इसके साथ ही 15 प्रतिशत ब्याज देने का भी आदेश दिया गया था। कोर्ट ने इसी विवाद के चलते फिल्म की रिलीज पर रोक भी लगा दी थी। हालांकि, अब फिल्म के निर्माताओं ने आपसी बातचीत से मामला सुलझने की जानकारी दी है। इसके बाद फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।


'तू है मेरी किरण' एक रोमांटिक थ्रिलर फिल्म है, जिसमें सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन करण रावल ने किया है। अब दर्शकों को 23 अक्टूबर को फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने का इंतजार है।





आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।