
महराजगंज। जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के हेवती गांव के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक की टक्कर लगने के बाद सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में गिरने से छह साल के मासूम की मौत हो गई। हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के बड़ी कटैया गांव की रहने वाली सुमित्रा देवी अपने छह साल के बेटे सन्नी, डेढ़ साल की बेटी लाडो, बहन सुशीला देवी, बहन की सास घूरा देवी, भाई पूर्णमासी और बहन के बेटे श्याम के साथ पैदल जा रही थीं। सभी लोग सिंदुरिया से कम्हरिया स्थित सुशीला देवी के घर जा रहे थे।
इसी दौरान गुरुवार रात कोठीभार थाना क्षेत्र के हेवती गांव के पास जितेंद्र साहनी बाइक लेकर पहुंचा। आरोप है कि बाइक की टक्कर पैदल जा रहे लोगों को लग गई।
टक्कर लगने से घूरा देवी सड़क पर गिरकर घायल हो गईं, जबकि छह साल का सन्नी सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद वहां मौजूद परिजन और स्थानीय लोग पहले बाइक सवार को पकड़ने में जुट गए। इसके बाद जब बच्चे की तलाश शुरू की गई तो सन्नी पानी में डूबा मिला। परिजन और अन्य लोग उसे तुरंत बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले गए।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सन्नी को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में खुशियों की जगह मातम छा गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल घूरा देवी को इलाज के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, बाइक सवार जितेंद्र साहनी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में सीओ सदर अंकुर गौतम ने बताया कि घटना की जानकारी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।