
महराजगंज। जिले में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी शुरू हो गई है। जनसंख्या की गिनती सही तरीके से कराने के लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। पहले दिन कुल 1,964 कर्मचारियों में से 1,816 कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल हुए, जबकि 148 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। जिले में कुल 15 चार्ज हैं। इनमें चार तहसील और 11 नगर निकाय शामिल हैं। नगर पालिका परिषद सिसवा और आनंदनगर को छोड़कर बाकी चार्जों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
तीन दिन तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में कर्मचारियों को जनगणना करने का तरीका समझाया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि लोगों से जानकारी कैसे जुटानी है, जरूरी फॉर्म कैसे भरने हैं और आंकड़ों को सही तरीके से कैसे दर्ज करना है। इसके साथ ही जनगणना से जुड़े नियमों और तकनीकी जानकारी भी दी जा रही है, ताकि गिनती के दौरान किसी तरह की गलती न हो। तहसील सदर के धनेवा-धनेई स्थित समेकित विद्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और प्रमुख जनगणना अधिकारी की मौजूदगी में हुआ।
इस दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट, तहसीलदार सदर और जिला सूचना अधिकारी भी मौजूद रहे। डीएम ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे कर्मचारियों से भी जानकारी ली। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि जनगणना देश के लिए एक महत्वपूर्ण काम है। इससे मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाएं बनाती है। इन आंकड़ों से आर्थिक और सामाजिक स्थिति को समझने में भी मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान हर जानकारी को सही तरीके से दर्ज करना जरूरी है। सभी कर्मचारियों को तय नियमों का पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। डीएम ने उम्मीद जताई कि पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी सभी कर्मचारी पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे।