
महराजगंज। शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान शुक्रवार को गोरखपुर विश्वविद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर सियासी हलचल तेज हो गई। भाजपा के एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के साथ सपा के बूथ पर बैठे नजर आए। दोनों नेताओं के बीच चुनाव को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी गोरखपुर विश्वविद्यालय स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। कुछ देर बाद भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह भी वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों नेता सपा के बूथ पर साथ बैठकर चुनाव को लेकर चर्चा करने लगे। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा एमएलसी को सपा प्रत्याशी के साथ देखकर कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए। खास बात यह रही कि सपा के बूथ के सामने ही भाजपा का बूथ भी लगा था, लेकिन देवेंद्र प्रताप सिंह वहां नहीं गए।
देवेंद्र प्रताप सिंह ने डॉ. संजयन त्रिपाठी के पक्ष में आंधी चलने की बात कही। उन्होंने इस माहौल को परिवर्तन के रूप में देखने की बात भी कही। उनके इस बयान के बाद चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने चुनाव में पर्यवेक्षक की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर पर्यवेक्षक को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने आगामी 2027 के चुनाव में भी परिवर्तन होने की बात कही। मतदान केंद्र पर भाजपा एमएलसी और सपा प्रत्याशी की मुलाकात तथा उनके बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है।