महराजगंज। महराजगंज जिले के नौतनवां क्षेत्र में खराब मार्गो से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र की कई सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंजूरी दे दी है। इससे लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कुछ समय पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को क्षेत्र की सड़कों की स्थिति से अवगत कराया था। उन्होंने अपने प्रस्ताव में बताया था कि कई मार्गों की हालत बेहद खराब है। उनकी खराब स्थिति के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने अपने प्रस्ताव में बताया था कि क्षेत्र के कई संपर्क मार्गों की स्थिति बेहद खराब है। कहीं सड़क की विशेष मरम्मत की जरूरत है, तो कहीं आबादी वाले हिस्सों में सीसी रोड और नाली निर्माण कराया जाना जरूरी है। इसके अलावा एक मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर नई आरसीसी पुलिया बनाने का भी प्रस्ताव दिया गया था।
प्रस्ताव के तहत हथिअहवा का मैनहवा टोला संपर्क मार्ग के आबादी वाले हिस्से में विशेष मरम्मत का कार्य कराया जाना है। वहीं, दशरथपुर ग्राम के दशरथपुर खास टोला संपर्क मार्ग पर आबादी वाले हिस्से में सीसी रोड और नाली सहित विशेष मरम्मत का प्रस्ताव है। शेष फरेंदा संपर्क मार्ग के आबादी वाले हिस्से में रोड का निर्माण कराया जाएगा।
इसी तरह धोतियहवा हनुमानगढ़िया से टोला भरोहिया संपर्क मार्ग पर आबादी वाले हिस्से में सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जाना है। लोथी संपर्क मार्ग के किलोमीटर-2 में स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर 1×1.5 मीटर आकार की आरसीसी पुलिया का निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
महुअवा अड्डा से पिपरही सिंहपुर कला, करेला, अजनगरहा, मोतीसागर, तुलसीपार मार्ग के आबादी वाले हिस्से में सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा।
इसके साथ ही समरधीरा भगवापुर से बसंतपुर मार्ग की विशेष मरम्मत का कार्य भी प्रस्ताव में शामिल है।
रानीपुर-गौहरपुर-सुबेदारपुर मार्ग के आबादी वाले हिस्से में सीसी रोड का निर्माण कराया जाना है। वहीं, कैथवलिया से बकेनिया संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत की जाएगी। जमुहानिया से अमवा मार्ग के आबादी वाले हिस्से में भी सीसी रोड का निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
इसके अलावा समरधीरा मोहनापुर से पतरीयहवा मार्ग की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। बौध परिपथ रोड किलोमीटर-20 से बनरसिया रोड के आबादी वाले हिस्से में सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया जाना है।
धनहिया संपर्क मार्ग के आबादी वाले हिस्से में सीसी रोड सहित विशेष मरम्मत का कार्य भी प्रस्ताव में शामिल है।
वहीं, रोहिन नदी के चानकी घाट पर बने पुल का पहुंच मार्ग की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। यहां 4×25 मीटर के पक्के पुल के अतिरिक्त पहुंच मार्ग को दुरुस्त करने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही महदेइया चकदह से सिरसिया मशरफी संपर्क मार्ग के आबादी वाले हिस्से में निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
मुखयमंत्री योगी की मंजूरी मिलने के बाद
अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए संबंधित मार्गों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को मंजूरी दे दी है।
इन सड़कों के ठीक होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से इन कार्यों को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों को खराब सड़कों से राहत मिलने की उम्मीद है।