
बॉलीवुड। टीवी के मशहूर क्राइम शो के निर्माता-निर्देशक बृजेंद्र पाल सिंह (बीपी सिंह) का 27 अक्टूबर को निधन हो गया। वह 77 साल के थे। मिली जानकारी के मुताबिक, दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ। उनके जाने से टीवी और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बीपी सिंह के निधन की खबर दी। उन्होंने दिवंगत निर्माता की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके साथ बिताए पलों को याद किया।
अशोक पंडित ने अपने पोस्ट में लिखा कि बीपी सिंह एक बेहतरीन निर्माता और निर्देशक थे। उनके क्राइम शो ‘CID’ और ‘आहट’ ने लंबे समय तक दर्शकों को बांधे रखा। उन्होंने कहा कि बीपी सिंह का काम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। बृजेंद्र पाल सिंह भारतीय टेलीविजन के जाने-माने निर्माता, निर्देशक और अभिनेता थे। उन्होंने लोकप्रिय हॉरर शो ‘आहट’ का निर्माण किया। हालांकि, टीवी शो ‘CID’ उनके करियर की सबसे बड़ी पहचान बना।
‘CID’ ने लंबे समय तक दर्शकों का मनोरंजन किया और भारतीय टीवी के लोकप्रिय क्राइम शो में अपनी जगह बनाई। बीपी सिंह ने इस शो में डीसीपी शमशेर सिंह चिटरोले की भूमिका भी निभाई थी। अशोक पंडित ने अपने संदेश में बीपी सिंह को अच्छा इंसान और प्यारा दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि जब बीपी सिंह आईएफटीडीए (IFTDA) के अध्यक्ष थे, तब उन्हें उनके करीब रहने का मौका मिला था।
उन्होंने मनोरंजन जगत में बीपी सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्हें उनके काम के लिए हमेशा याद किया जाएगा। अशोक पंडित के सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, बीपी सिंह का अंतिम संस्कार 28 अक्टूबर को किया जाएगा। इसकी विस्तृत जानकारी बाद में साझा किए जाने की बात कही गई है। बीपी सिंह के निधन से टीवी इंडस्ट्री ने एक ऐसे निर्माता-निर्देशक को खो दिया है, जिनके काम ने क्राइम और हॉरर शो को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई।