गोंडा वेटरन्स ने महराजगंज को 6 विकेट से हराया, मेराज और रुखसार ने दिलाई जीत

    27-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। डॉ. गौर हरि सिंघानिया यूपी टी-20 लीग वेटरन्स 2026-27 के मुकाबले में गोंडा वेटरन्स ने महराजगंज वेटरन्स को 6 विकेट से हरा दिया। सीमा से सटे नेपाल के भैरहवा में खेले गए इस मैच में महराजगंज की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 99 रन ही बना सकी। जवाब में गोंडा वेटरन्स ने 19 ओवर में 4 विकेट खोकर 101 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया।


टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी महराजगंज वेटरन्स की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 99 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान अमित त्रिपाठी ने 30 गेंदों पर 20 रन बनाए। मयंक श्रीवास्तव ने 17 गेंदों पर 18 रन और अभिषेक जोश्वा ने 40 गेंदों पर 18 रन का योगदान दिया। गोंडा वेटरन्स की ओर से राजेश चंद्र पांडेय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में एक मेडन के साथ 9 रन देकर 2 विकेट लिए।


रुखसार खान ने 3 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि मेराज ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 खिलाड़ियों को आउट किया।100 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोंडा वेटरन्स की टीम ने अच्छी बल्लेबाजी की। मेराज ने 43 गेंदों पर 39 रन बनाए, जबकि रुखसार खान ने 40 गेंदों पर 33 रन की पारी खेली। कप्तान जहीरुल 22 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद रहे। इन पारियों की मदद से गोंडा वेटरन्स ने 19 ओवर में 4 विकेट पर 101 रन बनाकर 6 विकेट से जीत दर्ज की।महराजगंज वेटरन्स की ओर से जलालुद्दीन, विकास गुप्ता, बिट्टू श्रीवास्तव और अभिषेक जोश्वा ने एक-एक विकेट लिया।


मैच के दौरान लुम्बिनी प्रांत के शहरी विकास, ऊर्जा, सिंचाई एवं जल आपूर्ति मंत्री संतोष कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर लुम्बिनी प्रेस क्लब नेपाल के अध्यक्ष कमल रायमाझी सहित सुधाकर जायसवाल, सचिन रोक्का, धीरज कुमार मल्लिक, लक्ष्मी अधिकारी, गौतम कुमार गुप्ता और संतोष शुक्ला समेत कई लोग उपस्थित रहे।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।