महराजगंज में 230 बिजली ट्रांसफॉर्मरों के चारों तरफ लगेगी जाली, 54.18 लाख रुपये होंगे खर्च

    27-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले में खुले बिजली ट्रांसफॉर्मरों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए बिजली विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत जिले के 230 ट्रांसफॉर्मरों के चारों तरफ जाली लगाकर सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। इस योजना पर कुल 54.18 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जिले के कई इलाकों में बिजली ट्रांसफॉर्मर खुले में लगे हैं। इनके आसपास सुरक्षा घेरा नहीं होने से हादसों का खतरा बना रहता है। खासकर आबादी वाले क्षेत्रों, सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर लगे ट्रांसफॉर्मरों के पास बच्चों और राहगीरों के पहुंचने की आशंका रहती है।

 

इसी को देखते हुए बिजली विभाग ने जिले के 230 ट्रांसफॉर्मरों को चिह्नित कर योजना में शामिल किया है। इन सभी ट्रांसफॉर्मरों के चारों तरफ जाली लगाई जाएगी, ताकि लोग सीधे बिजली के उपकरणों तक न पहुंच सकें। इस योजना के तहत ट्रांसफॉर्मरों के चारों तरफ जाली लगाने के साथ जरूरत के अनुसार चबूतरे और सुरक्षा से जुड़े अन्य इंतजाम भी किए जाएंगे। इससे ट्रांसफॉर्मरों के आसपास सुरक्षित दूरी बनाए रखने में मदद मिलेगी और दुर्घटनाओं का खतरा कम हो सकेगा।


इस काम के लिए 54.18 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। विभाग के अनुसार, योजना को बिजनेस प्लान में शामिल कर स्वीकृति भी मिल चुकी है।

विद्युत वितरण मंडल महराजगंज के अधीक्षण अभियंता राकेश मोहन ने बताया कि खुले ट्रांसफॉर्मरों के चारों तरफ जाली और चबूतरा बनाने से लोगों की सीधी पहुंच सीमित होगी। इससे ट्रांसफॉर्मरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि काम के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।