महराजगंज। दिवाली को देखते हुए नगर पालिका परिषद शहर के सभी वार्डों में लाइट लगवाएगी। इसके साथ ही सक्सेना नगर में पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए नगर पालिका की जमीन का इस्तेमाल करने के साथ जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज से जमीन किराए पर लेने की योजना है।
मंगलवार को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में शहर के विकास, साफ-सफाई और लोगों को बेहतर सुविधाएं देने से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इस दौरान कई प्रस्तावों पर सहमति बनी।
दिवाली के त्योहार को देखते हुए नगर पालिका परिषद के सभी वार्डों में लाइट लगवाने का निर्णय लिया गया। इससे त्योहार के दौरान शहर की गलियों और मोहल्लों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
बैठक में नगर पालिका के बेकार पड़े सामान का सत्यापन कराने पर भी सहमति बनी। इसके लिए एक समिति गठित की जाएगी। सत्यापन के बाद निष्प्रयोज्य सामान की नीलामी कराई जाएगी।
सक्सेना नगर में बनेगी पार्किंग
शहर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए सक्सेना नगर में नगर पालिका की जमीन पर पार्किंग बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज से जमीन किराए पर लेकर अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।
इस व्यवस्था से शहर में आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बैठक में सभासद अमितेश गुप्त ने सुभाष नगर और वीर बहादुर नगर के बीच बलिया नाले पर पहले से बने पिलर के ऊपर पुल बनवाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने पुल के साथ आने-जाने के लिए एप्रोच मार्ग बनाने की भी मांग की।
वहीं, सभासद संगीता देवी ने शिव मंदिर के पास स्नानघर बनवाने का प्रस्ताव दिया। इन प्रस्तावों का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में वार्ड नंबर 10 महुअवां में बने कल्याण मंडप का संचालन शासन के निर्देशों के अनुसार करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा नगर चौकी के बगल में बने वेंडिंग जोन में नियमानुसार पात्र स्ट्रीट वेंडरों को ही दुकानें आवंटित की जाएंगी।
इससे पात्र दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने का मौका मिल सकेगा। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में सभासद सुराती देवी, ब्रज किशोर सिंह, जनिता पासवान, जितेंद्र कुमार, गोरखनाथ, अजय, सिद्धार्थ शुक्ल, राहुल पांडेय और अभय जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।