स्कूलों में खुलेंगे लीगल लिटरेसी क्लब, छात्रों को मिलेगी कानून की जानकारी

    28-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को संविधान और कानून की जानकारी देने के लिए पहल शुरू की गई है। इसके तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद न्यायालय परिसर में नोडल शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शिक्षकों को संविधान में दिए गए मूल अधिकारों, मूल कर्तव्यों और मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सुनील कुमार नागर और मनु लॉ कॉलेज, निचलौल के प्रोफेसर डॉ. अरुण कुमार तिवारी ने प्रशिक्षक के रूप में हिस्सा लिया। दोनों प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को भारतीय संविधान की मूल भावना और अलग-अलग कानूनों के तहत नागरिकों को मिलने वाले अधिकारों के बारे में बताया। साथ ही यह भी समझाया कि विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक कैसे बनाया जा सकता है।


सिविल जज सुनील कुमार नागर ने बताया कि संविधान संवाद योजना के तहत जिले के उन स्कूलों में लीगल लिटरेसी क्लब स्थापित किए जाने हैं, जहां कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई होती है। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। इससे छात्र अपने अधिकारों को समझ सकेंगे और जरूरत पड़ने पर कानूनी मदद लेने के बारे में भी जान सकेंगे।


लीगल लिटरेसी क्लब के जरिए विद्यार्थियों को सिर्फ उनके अधिकारों के बारे में ही नहीं, बल्कि उनकी जिम्मेदारियों के बारे में भी बताया जाएगा। उन्हें संविधान का सम्मान करने, मूल कर्तव्यों का पालन करने और कानून के अनुसार चलने का महत्व समझाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को कम उम्र से ही कानून और संविधान के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से समझ सकें।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।