
महराजगंज। करवा चौथ का पर्व गुरुवार को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर जिले के शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है। बुधवार को खरीदारी के लिए निकली महिलाओं की साड़ी, चूड़ी, मिट्टी के करवा और शृंगार के सामान की दुकानों पर भीड़ लगी रही। महिलाओं ने व्रत और पूजा की तैयारियों के साथ सजने-संवरने के लिए जरूरी सामान भी खरीदे।करवा चौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
खरीदारी के दौरान महिलाओं ने अपनी पसंद की साड़ी और सूट के साथ मैचिंग चूड़ियां, बिंदी और आभूषण खरीदे। महिलाएं अपने कपड़ों के रंग से मेल खाती शृंगार सामग्री चुनती नजर आईं। देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही। करवा चौथ की पूजा के लिए महिलाओं ने मिट्टी के करवा, छलनी, दीपक, रोली, अक्षत और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी की।