महराजगंज: सड़क पर हुड़दंग करने और तलवार लहराने के मामले में 5 युवक गिरफ्तार

    29-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में सड़क पर बाइक से रास्ता रोकने, लापरवाही से वाहन चलाने और तलवार लहराने के मामले में पुलिस ने 5 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मोगलहा मार्ग पर कुछ युवक मोटरसाइकिलों से रास्ता रोक रहे थे।


आरोप है कि इस दौरान वे लापरवाही से बाइक चला रहे थे और एक युवक तलवार लहरा रहा था। इस बात का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद वहां विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की।


गिरफ्तार किए गए युवकों के नाम

पुलिस के अनुसार, दी गयी जानकारी में दीनदयाल (19 वर्ष) – महदेवा बसडीला, अफजल हुसैन (20 वर्ष) – मोगलहा, परवेश (18 वर्ष) – मोगलहा, करन विश्वकर्मा (19 वर्ष) – महदेवा बसडीला, धीरज वरुण (20 वर्ष) – कम्हरिया बुजुर्ग, टोला बरगदहिया, सभी आरोपी महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज सिंह, कांस्टेबल शैलेष कुमार सिंह, कांस्टेबल अमित यादव और कांस्टेबल आशीष पासवान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।




फैज़ अहमद खान

फैज़ अहमद खान (Faiz Ahmad Khan) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रमुख (District Head) के पद पर कार्यरत हैं। यह जिले की संपूर्ण रिपोर्टिंग टीम का नेतृत्व करते हैं और प्रमुख प्रशासनिक, सामाजिक व प्रादेशिक समाचारों का प्रबंधन करते हैं।