नौतनवा में आवारा कुत्तों का आतंक, झुंड देखकर रास्ता बदलने को मजबूर लोग

    29-Oct-2026   
Total Views |

महारजगंज। नौतनवा कस्बे में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। कस्बे के कई इलाकों में कुत्तों के झुंड सड़कों पर घूमते नजर आते हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग कुत्तों का झुंड देखकर अपना रास्ता बदलने को मजबूर हैं। इसके बावजूद जिम्मेदारों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम उठता नजर नहीं आ रहा है।


नौतनवा कस्बे के मुख्य मार्गों से लेकर अंदर की गलियों तक आवारा कुत्ते घूमते दिखाई देते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कस्बे के 25 वार्डों में कई जगह कुत्तों के झुंड देखे जा सकते हैं। इनकी संख्या लगातार बढ़ने से लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत बाइक सवारों, साइकिल चलाने वालों और पैदल आने-जाने वाले लोगों को हो रही है। लोगों का कहना है कि सड़क से गुजरते समय कुत्ते अचानक पीछे दौड़ने लगते हैं, जिससे हादसा होने का डर बना रहता है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, देर शाम के बाद सड़कों पर निकलना और भी मुश्किल हो जाता है। कुत्तों के झुंड देखकर लोग डर जाते हैं और कई बार दूसरा रास्ता चुनते हैं। बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावक परेशान हैं। कुछ लोग डर के कारण बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने से बच रहे हैं। कस्बे के नागरिकों का कहना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द कदम उठाना चाहिए। लोगों को डर है कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।


अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर ध्यान देंगे या फिर लोगों को इसी तरह डर के माहौल में आने-जाने को मजबूर होना पड़ेगा? स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों की समस्या से राहत दिलाने के लिए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।