
महराजगंज। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अर्णव के संभावित असर को देखते हुए नेपाल के चितवन जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, बृहस्पतिवार से 31 अक्टूबर तक नेपाल के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। लगातार बारिश से नारायणी नदी समेत अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा है।
चितवन जिला प्रशासन ने बुधवार को प्रेस नोट जारी कर नदी और अन्य जलस्रोतों के आसपास रहने वाले लोगों से खास सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि अगर जलस्तर बढ़ता है या खतरा महसूस होता है तो लोग देर किए बिना सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। लोगों को बेवजह यात्रा करने से बचने और मौसम से जुड़ी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह भी दी गई है।
भारी बारिश के कारण नेपाल के प्रमुख सड़कों पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। मुगलिन-नारायणगढ़ सड़क खंड और पृथ्वी राजमार्ग पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के चलते भूस्खलन होने और सड़कें बंद होने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
लगातार बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने किसानों से धान की कटाई और फसल को सुरक्षित रखने की तैयारी पहले से करने को कहा है। बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल और काटकर रखे गए धान को नुकसान पहुंच सकता है। चितवन जिला प्रशासन कार्यालय की ओर से जारी सूचना में सहायक प्रमुख जिला अधिकारी ईश्वरी प्रसाद शर्मा ने लोगों से संभावित प्राकृतिक आपदा को देखते हुए जरूरी सावधानियां बरतने का अनुरोध किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी सूचनाओं को गंभीरता से लें, जोखिम वाले इलाकों से दूर रहें और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।