
महराजगंज। महराजगंज-गोरखपुर मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। परिवहन निगम के गोरखपुर रीजन ने इस रूट पर डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस का संचालन शुरू किया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस बस के शुरू होने से यात्रियों को महराजगंज से गोरखपुर के बीच सफर में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
वहीं दूसरी ओर महराजगंज डिपो में बसों की संख्या पर्याप्त होने के बावजूद चालकों की कमी के कारण यात्रियों की परेशानी बनी हुई है। डिपो के बेड़े में कुल 76 बसें हैं, लेकिन चालक उपलब्ध नहीं होने के कारण कई तैयार बसें नियमित रूप से सड़क पर नहीं उतर पा रही हैं।
चालकों की कमी का सीधा असर बसों के संचालन और यात्रियों की सुविधा पर पड़ रहा है। महराजगंज बस अड्डे पर खासकर गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को कई बार अगली रोडवेज बस का इंतजार करना पड़ता है।
समय पर रोडवेज बस उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में यात्रियों को अनुबंधित या निजी बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। निजी बसों से सफर करने पर यात्रियों को अतिरिक्त किराया खर्च करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई बार निजी बसों से यात्रा में अधिक समय भी लग जाता है।
उन्होंने बताया कि डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस के संचालन से महराजगंज-गोरखपुर के यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। वहीं चालकों की उपलब्धता बढ़ने पर डिपो की तैयार बसों का संचालन भी बेहतर किया जा सकेगा।
डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस के संचालन से यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन विकल्प मिलने की उम्मीद है, जबकि चालक की कमी दूर होने पर महराजगंज डिपो की बस सेवाओं में और सुधार हो सकता है।