मिठौरा। मिठौरा क्षेत्र के नंदाभार चौराहा स्थित एक कबाड़ की दुकान में विशाल कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। कबाड़ की छंटाई के दौरान अचानक सांप दिखाई देने पर दुकान में काम कर रहे मजदूर और कर्मचारी घबराकर बाहर निकल आए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।नंदाभार निवासी मनोज पांडेय की कबाड़ की दुकान में मजदूर कबाड़ की छंटाई कर रहा था। इसी दौरान कबाड़ के बीच विशाल कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखते ही दुकान में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
मामले की सूचना तत्काल रेस्क्यू टीम को दी गई। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम के रामबचन सहानी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।
रेस्क्यू के बाद कोबरा को दक्षिणी चौक रेंज के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद दुकान संचालक और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।