
पनियरा/महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के नरकटहा के छोटका टोला में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। खेलते समय पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंची तीन वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हो गई। बच्ची का खिलौना पानी में गिर गया था, जिसे निकालने के प्रयास में वह गड्ढे में जा गिरी।
हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों ने काफी तलाश के बाद बच्ची का शव पानी के तल से बरामद किया।
नरकटहा के छोटका टोला निवासी दिलीप निषाद की तीन वर्षीय बेटी प्रीति शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे घर के दरवाजे पर खेल रही थी। उस समय उसकी मां भी पास में मौजूद थीं। कुछ देर बाद वह किसी काम से घर के अंदर चली गईं।
इसी दौरान खेलते-खेलते प्रीति घर के बगल में स्थित पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गई। खेलते समय उसका खिलौना गड्ढे में गिर गया। खिलौना निकालने के प्रयास में बच्ची भी पानी में गिर गई।
कुछ देर बाद मां बाहर आईं तो प्रीति वहां नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गड्ढे में पानी के ऊपर बच्ची का खिलौना तैरता दिखाई दिया। इससे अनहोनी की आशंका हुई।
ग्रामीणों ने तत्काल गड्ढे में उतरकर बच्ची की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद बच्ची का शव पानी के तल से बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी उप निरीक्षक प्रणव ओझा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पूछताछ के दौरान हादसे की जानकारी सामने आई।
थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्वजन बच्ची के शव को नदी में प्रवाहित कर चुके थे।