
महराजगंज। जिले के ग्रामीण इलाकों में जर्जर सड़कों की समस्या जल्द दूर होने की उम्मीद है। जिला पंचायत की ओर से नौ विकास खंडों की 32 ग्राम पंचायतों में सड़क मरम्मत, अनुरक्षण लेपन, सीसी रोड और खड़ंजा निर्माण कराया जाएगा। इन विकास कार्यों पर 14.13 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी।
सड़कों के निर्माण और मरम्मत से गांवों के संपर्क मार्गों की स्थिति बेहतर होगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। जिला पंचायत ने इन कार्यों को पूरा कराने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला पंचायत की कार्ययोजना में मिठौरा, पनियरा, सदर, परतावल, घुघुली, नौतनवा, निचलौल, फरेंदा और लक्ष्मीपुर विकास खंड की ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है।
इन क्षेत्रों में लंबे समय से खराब पड़े संपर्क मार्गों की मरम्मत के साथ नए सीसी रोड, इंटरलॉकिंग और खड़ंजा निर्माण के कार्य कराए जाएंगे।
1. जिला पंचायत की योजना के तहत कई महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के लिए लाखों रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
2. सदर ब्लॉक के बागापार से बरईठवा संपर्क मार्ग के अनुरक्षण लेपन पर 99.21 लाख रुपये खर्च होंगे।
3. लक्ष्मीपुर में बरगदवा से विशुनपुरा तक सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण पर 91.50 लाख रुपये निर्धारित हैं।
4. पनियरा के कमासिन बुजुर्ग में प्राथमिक पाठशाला से भक्सा प्रधानमंत्री पिच तक सड़क अनुरक्षण पर 86.70 लाख रुपये खर्च होंगे।
5. परतावल के नागावरी पिच से बलुआ भार तक मार्ग के अनुरक्षण पर 83.54 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
6. घुघुली के पचरुखिया बरवा चैमनिया मार्ग से किशुनपुर टिकुलहिया तक लेपन पर 77.13 लाख रुपये खर्च होंगे।
7. नौतनवा के हरपुर में सड़क, सीसी रोड और रिटेनिंग वॉल निर्माण पर 70.96 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
8. सदर के महुआ से तुलसीपुर मार्ग पर 58.54 लाख रुपये का बजट निर्धारित है।
निचलौल के बैदौली में गांव से बंधे तक सड़क लेपन पर 55.87 लाख रुपये खर्च होंगे।योजना के तहत मिठौरा ब्लॉक के सोनवल, घुघुली बुजुर्ग, पचरुखिया तिवारी, बसंतपुर, लक्ष्मीपुर देउरवा और जगदीशपुर में सीसी रोड निर्माण कराया जाएगा।
वहीं पनियरा के बेलहिया, पिपरा जद्दू, कमासिन खुर्द और कनैला में भी सड़क निर्माण के कार्य प्रस्तावित हैं। इसके अलावा निचलौल के सिरौली, लेदी और अमड़ा उर्फ झुलनीपुर, सदर के छोटकी पकड़ी, बरगदवा राजा और बभनौली तथा परतावल के डेरवा और पुरैना में सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग और खड़ंजा के कार्य कराए जाएंगे। फरेंदा विकास खंड के बरातगाढ़ा स्थित सेखुआन टोला में भी सड़क मरम्मत का कार्य प्रस्तावित है। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चयनित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए जाएंगे।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को बारिश के मौसम सहित अन्य दिनों में आवागमन की परेशानियों से राहत मिलेगी।जिला पंचायत की इस कार्ययोजना से जिले के नौ विकास खंडों की 32 ग्राम पंचायतों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।