
महराजगंज। साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां रिश्ते का हवाला देकर घर पहुंचे एक युवक पर महिला के मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर बैंक खाते से ढाई लाख रुपये निकालने का आरोप लगा है। पीड़िता को जब खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बिहार के नरकटियागंज निवासी बादल कुमार सोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मामला महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र स्थित शीतलापुर खेसरहा गांव का है। यहां की रहने वाली सावित्री वर्मा का सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की निचलौल शाखा में खाता है। उनके खाते में 2 लाख 50 हजार 174 रुपये जमा थे। बताया जा रहा है कि सावित्री के भाई मदन, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के जगदौर टोला शिकारगढ़ के निवासी हैं। मदन के दामाद बादल कुमार सोनी किसी काम का हवाला देकर सावित्री के घर पहुंचे थे। रिश्तेदार होने के कारण महिला को उनके आने-जाने पर कोई संदेह नहीं हुआ।
आरोप है कि बातचीत के दौरान बादल ने सावित्री से उनका मोबाइल फोन लिया और चुपके से उसमें लगा सिम कार्ड निकाल लिया। महिला को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। इसके बाद 1 से 16 मई 2026 के बीच उनके बैंक खाते से करीब 2 लाख 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते में जमा अपनी बचत की रकम गायब होने की जानकारी मिलने पर महिला परेशान हो गईं।
बैंक खाते से रकम निकलने के बाद सावित्री ने पहले अपने स्तर से जानकारी जुटाई और फिर अपने भाई को इसकी शिकायत की। छानबीन के दौरान बादल कुमार सोनी की भूमिका सामने आने का आरोप है। महिला ने जब युवक से अपनी रकम वापस करने की मांग की तो उसने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इसके बाद पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम थाना प्रभारी रसीद खां ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बैंक स्टेटमेंट और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।