PET-2026 परीक्षा के बीच DM और SP का औचक निरीक्षण, फरेंदा के तीन केंद्रों पर परखी व्यवस्था

    30-Oct-2026
Total Views |

महराजगंज। उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने फरेंदा क्षेत्र के तीन परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों और अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने फरेंदा क्षेत्र के निम्नलिखित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच की जिनमें शामिल हैं लालबहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, सेठ आनंद राम जैपुरिया इंटर कॉलेज में अधिकारियों ने तीनों केंद्रों पर परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।


डीएम ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने परीक्षा कक्षों और कंट्रोल रूम की व्यवस्था का जायजा लेते हुए परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान तीनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संचालित मिली। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन का उद्देश्य PET-2026 परीक्षा को पारदर्शी, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।