
महराजगंज। उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को शांतिपूर्ण और जाममुक्त संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। परीक्षा के मद्देनजर 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को महराजगंज कस्बे में भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध दोनों दिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक प्रभावी रहेगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, PET-2026 की परीक्षा महराजगंज कस्बे के छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया है।
महराजगंज पुलिस की ओर से जारी यातायात प्लान के तहत सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर और पकड़ी चौकी को नो-एंट्री एवं डायवर्जन पॉइंट बनाया गया है। इन चारों स्थानों से भारी और वाणिज्यिक वाहनों को महराजगंज कस्बे में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यातायात प्रतिबंध के दौरान आपातकालीन सेवाओं और रोडवेज यात्री बसों का संचालन पहले की तरह जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और परीक्षा के दौरान अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा न होने दें।
पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की यातायात संबंधी परेशानी से बचाना है। इसके साथ ही परीक्षा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने और कस्बे में आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।