
बॉलीवुड। बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म 'ईठा' के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले बनी इस म्यूजिकल बायोपिक ड्रामा का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में श्रद्धा कपूर का दमदार अंदाज और शानदार अभिनय देखने को मिल रहा है। फिल्म में वह महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं।
फिल्म का ट्रेलर पुराने दौर की रंगीन दुनिया, पारंपरिक मंचीय प्रस्तुतियों और एक महिला कलाकार के संघर्ष को खूबसूरती से दिखाता है। ट्रेलर सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। 'ईठा' श्रद्धा कपूर के करियर की एक अलग और चुनौतीपूर्ण फिल्म मानी जा रही है। 'स्त्री 2' में दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद अब अभिनेत्री एक गंभीर और प्रभावशाली किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म में श्रद्धा का महाराष्ट्रीयन नौवारी साड़ी, पारंपरिक गहनों और आत्मविश्वास से भरा लुक आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उनका किरदार एक ऐसी महिला की कहानी बयां करता है, जिसने तमाम सामाजिक और व्यक्तिगत मुश्किलों के बावजूद अपनी अलग पहचान बनाई।
ट्रेलर में श्रद्धा का डायलॉग, "यह सिर्फ कपड़ा नहीं, अभिमान है", खास तौर पर ध्यान खींचता है। नौवारी साड़ी के माध्यम से फिल्म में परंपरा, संस्कृति और महिला के आत्मसम्मान को दर्शाने की कोशिश की गई है। फिल्म में अभिनेता रणदीप हुड्डा भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। वह विठाबाई नारायणगांवकर के पति मर्चेंट का किरदार निभा रहे हैं।
ट्रेलर रिलीज से पहले रणदीप ने सोशल मीडिया पर फिल्म से अपना फर्स्ट लुक पोस्टर साझा किया था। उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, "ईठा के दिल पर राज करने आ रहे हैं मर्चेंट, कल ट्रेलर रिलीज होगा। सिनेमाघरों में 4 दिसंबर 2026 को होगी रिलीज।" रणदीप का यह किरदार फिल्म की कहानी में अहम भूमिका निभाने वाला है। महाराष्ट्र की समृद्ध लोक संस्कृति और तमाशा कला पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स इसे प्रस्तुत कर रहे हैं।
फिल्म में विठाबाई के जीवन के संघर्ष, उनकी महत्वाकांक्षा, कला के प्रति समर्पण और अपनी पहचान बनाने की जिद को दिखाया गया है। 'ईठा' की कहानी में संगीत और नृत्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है। वहीं, इसके डांस सीक्वेंस की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है। लावणी और महाराष्ट्र की पारंपरिक लोक संस्कृति को ध्यान में रखते हुए फिल्म में शानदार संगीत और मंचीय प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।
4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी 'ईठा'
श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा के अलावा फिल्म में मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी, सिद्धार्थ जाधव, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अब दर्शकों को इंतजार है कि श्रद्धा कपूर विठाबाई नारायणगांवकर के इस चुनौतीपूर्ण किरदार के जरिए बड़े पर्दे पर कितना प्रभाव छोड़ पाती हैं।