महराजगंज में बारिश के बीच बड़ा हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार

    31-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्रवात अर्णव के दौरान शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भैया फरेंदा के बाजारडीह स्थित राजन ढाबा के सामने तेज बारिश के बीच एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार हाईवे पर पलट गई और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि चालक सुरक्षित बच गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।


जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे परसौनी, पुरंदरपुर निवासी सुनील जायसवाल अपनी निजी कार से गोरखपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बाजारडीह स्थित राजन ढाबा के सामने अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते कार डिवाइडर से टकराकर हाईवे पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और क्षतिग्रस्त कार में फंसे चालक को बाहर निकालने में मदद की। गनीमत रही कि हादसे में चालक को गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया। कार को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा के प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ बारिश के बीच मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर आवागमन सुचारु कराया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।



फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।