
महराजगंज। धनतेरस और दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। त्योहार पर नए कपड़े पहनने की परंपरा के चलते कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है। साड़ी, सूट और रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर महिलाएं और युवतियां अपनी पसंद के परिधानों की खरीदारी कर रही हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने भी नए डिजाइन और आकर्षक कलेक्शन सजाए हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहार नजदीक आने के साथ बिक्री में और तेजी आएगी।
कपड़ा व्यापारी ने बताया कि त्योहार को देखते हुए ग्राहकों की पसंद और बजट के अनुसार साड़ियों का कलेक्शन उपलब्ध कराया गया है। उनकी दुकान पर 500 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक की साड़ियां मिल रही हैं। महिलाएं अपनी पसंद और बजट के हिसाब से खरीदारी कर रही हैं। त्योहार के चलते नए डिजाइन और आकर्षक साड़ियों की मांग भी बढ़ रही है।
वहीं, दुर्गा मंदिर के पास कपड़ा व्यापारी आकाश कश्यप ने बताया कि दीपावली को लेकर हर बजट के ग्राहकों के लिए कपड़ों का कलेक्शन तैयार किया गया है। उनकी दुकान पर 400 से पांच हजार रुपये तक के सूट, 500 से तीन हजार रुपये तक की जींस और 300 से 2800 रुपये तक के टॉप उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि युवतियां नए डिजाइन और फैशन के कपड़ों को पसंद कर रही हैं। दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से कारोबारियों में भी उत्साह है। धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजारों में खरीदारी का माहौल बनने लगा है। कपड़ों की दुकानों पर बढ़ती ग्राहकों की संख्या से व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। दुकानदारों का मानना है कि त्योहार के अंतिम दिनों में बाजारों में खरीदारी और तेज होगी।