महराजगंज में नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख की ठगी का आरोप, विरोध करने पर मिली जान से मारने की धमकी

    31-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के पैकौली कला निवासी एक महिला ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता सुमन शर्मा ने गुरुवार को एसपी के जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।


शिकायत के मुताबिक, जनवरी में भेड़िया निवासी एक आरोपित ने महिला को 40 हजार रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। उसकी बातों में आकर महिला ने अपने गहने गिरवी रखकर 1.20 लाख रुपये दे दिए। इसके अलावा दो अन्य लोगों के माध्यम से भी 50 हजार और 30 हजार रुपये दिलवाए गए।आरोप है कि रुपये लेने के बाद तीनों लोगों को नियुक्ति पत्र भी दे दिए गए, लेकिन नौकरी के लिए कार्यस्थल और अन्य जरूरी जानकारी नहीं दी गई।


महिला के मुताबिक, काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर उन्होंने छानबीन शुरू की। इस दौरान कथित तौर पर नियुक्ति पत्र फर्जी होने की जानकारी मिली। इसके बाद जब उन्होंने आरोपितों से रुपये वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने शिकायत में दो अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए हैं। उनका आरोप है कि आरोपितों ने नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 170 लोगों से रुपये वसूले हैं। महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


एसपी के जनता दर्शन में दिए गए प्रार्थना पत्र के माध्यम से पीड़िता ने अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की भी गुहार लगाई है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और पुलिस कार्रवाई का इंतजार है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।