महराजगंज-पनियरा मार्ग पर रोडवेज बस सेवा का अभाव, 15 किमी के सफर में 50 रुपये किराया

    31-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। पनियरा क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय तक आने-जाने के लिए परिवहन की बेहतर सुविधा नहीं मिल पा रही है। महराजगंज-पनियरा मार्ग पर नियमित रोडवेज बस सेवा नहीं होने के कारण करीब 15 किलोमीटर के सफर के लिए यात्रियों को टेंपो और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। कई बार टेंपो चालक यात्रियों से 50 रुपये तक किराया वसूल रहे हैं। इससे रोजाना जिला मुख्यालय आने-जाने वाले लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।


पनियरा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग रोजाना खरीदारी, कारोबार, नौकरी, पढ़ाई और सरकारी कामकाज के सिलसिले में महराजगंज शहर पहुंचते हैं। इसके अलावा मरीजों और बुजुर्गों को भी इलाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय आना पड़ता है। नियमित रोडवेज बस सेवा नहीं होने से इन लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।


स्थानीय लोगों के मुताबिक, भीड़ के समय टेंपो में बैठने के लिए जगह मिलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जरूरी काम के समय वाहन उपलब्ध नहीं होने पर उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। स्थानीय निवासी रामचंद्र ने बताया कि महराजगंज-पनियरा मार्ग पर रोडवेज बस का नियमित संचालन शुरू हो जाए तो लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कम किराये में जिला मुख्यालय पहुंचने की सुविधा मिलने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी।


वहीं, स्थानीय निवासी शिवम चौधरी ने परिवहन विभाग से महराजगंज-पनियरा मार्ग पर नियमित रोडवेज बस चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि बस सेवा शुरू होने से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को कम किराये में आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।


महराजगंज रोडवेज केंद्र प्रभारी रमजान अली ने बताया कि महराजगंज से पनियरा होते हुए अयोध्या के लिए एक बस सेवा संचालित की जाती है। स्थानीय लोगों की मांग और मार्ग की जरूरत को देखते हुए नियमित बस सेवा के संबंध में व्यवस्था पर विचार किया जा सकता है। अब क्षेत्र के लोगों को महराजगंज-पनियरा मार्ग पर नियमित रोडवेज बस सेवा शुरू होने का इंतजार है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।