महराजगंज में युवाओं पर भारी पड़ रहा फास्ट फूड, 213 की जांच में 165 का हीमोग्लोबिन कम

    31-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। फास्ट फूड और जंक फूड पर बढ़ती निर्भरता युवाओं की सेहत पर असर डाल रही है। स्वाद के चक्कर में युवा पेट भरकर खाना तो खा रहे हैं, लेकिन शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पा रहे हैं। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में हुई हीमोग्लोबिन जांच के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। अक्टूबर में 20 से 45 वर्ष आयु वर्ग के 213 लोगों ने हीमोग्लोबिन की जांच कराई। इनमें 165 लोगों का हीमोग्लोबिन स्तर 11 ग्राम प्रति डेसीलीटर दर्ज किया गया, जबकि चार युवाओं का स्तर सात से भी कम मिला।


जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में अक्टूबर माह के दौरान हुई जांच में बड़ी संख्या में लोगों में हीमोग्लोबिन की कमी सामने आई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 213 लोगों की जांच में 165 का हीमोग्लोबिन स्तर 11 रहा, जबकि चार लोगों का स्तर सात से नीचे पाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, हीमोग्लोबिन की कमी से शरीर में कमजोरी, थकान और रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो सकती है। गंभीर कमी होने पर अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।


चिकित्सकों के मुताबिक, फास्ट फूड में जरूरी विटामिन, मिनरल्स और फाइबर पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलते। लंबे समय तक असंतुलित खानपान से शरीर में आयरन, विटामिन बी-12 और फोलिक एसिड की कमी हो सकती है। इसके अलावा आंतरिक रक्तस्राव, किडनी संबंधी बीमारी और थैलेसीमिया जैसे आनुवंशिक रोग भी हीमोग्लोबिन का स्तर कम होने की वजह बन सकते हैं।


जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. राजीव यादव ने बताया कि हीमोग्लोबिन का स्तर बेहतर बनाए रखने के लिए फास्ट फूड की जगह पौष्टिक और संतुलित आहार लेना जरूरी है। भोजन में पालक, मेथी, सरसों का साग और ब्रोकोली जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां शामिल करनी चाहिए। इसके अलावा मसूर, चना, राजमा और लोबिया जैसी दालों का सेवन भी फायदेमंद है।


उन्होंने चुकंदर, अनार, सेब, अमरूद, केला, गुड़, भुने चने और आंवला को भी संतुलित आहार का हिस्सा बनाने की सलाह दी। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. पीके सिंह ने बताया कि हीमोग्लोबिन की कमी से जूझ रहे मरीजों को नियमित दवा लेने और संतुलित भोजन करने की सलाह दी गई है। मरीजों को 15 दिन बाद फॉलोअप के लिए ओपीडी में बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि मरीजों को पूरी तरह स्वस्थ होने में करीब चार महीने तक का समय लग सकता है।

चिकित्सकों ने युवाओं को खानपान में सुधार करने, फास्ट फूड का सेवन सीमित रखने और शरीर में कमजोरी या लगातार थकान महसूस होने पर हीमोग्लोबिन की जांच कराने की सलाह दी है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।