ई- संजीवनी से सितंबर में 21,372 मरीजों को मिला विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श

    06-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह उपलब्ध कराने वाली ई-संजीवनी टेली कंसल्टेशन सेवा का लाभ सितंबर में 21,372 मरीजों ने लिया। जिले के 12 ब्लॉकों में तैनात 179 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के माध्यम से मरीजों को टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

लेकिन वहीं, अगस्त की तुलना में सितंबर में टेली कंसल्टेशन के मामलों में कुछ कमी दर्ज की गई। अगस्त में जहां 21,721 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श लिया था, वहीं सितंबर में यह संख्या घटकर 21,372 रह गई। इस तरह सितंबर में अगस्त के मुकाबले 349 कम मरीजों को परामर्श मिला। सितंबर में औसत परामर्श 5.3 रहा, जबकि अगस्त में यह 5.4 था।

सदर ब्लॉक में सबसे अधिक मरीजों ने लिया परामर्श 

टेली कंसल्टेशन के मामले में सदर ब्लॉक सबसे आगे रहा। यहां 23 सीएचओ के माध्यम से 3,006 मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह उपलब्ध कराई गई।इसके अलावा परतावल में 2,862, सिसवा में 2,294, फरेंदा में 2,066 और घुघली में 2,022 मरीजों ने ई-संजीवनी के जरिए चिकित्सकीय परामर्श लिया। वहीं मिठौरा में 1,793, नौतनवां में 1,544, लक्ष्मीपुर में 1,472 और निचलौल में 1,245 मरीजों को टेली कंसल्टेशन की सुविधा मिली।


धानी में सबसे कम टेली कंसल्टेशन 

ब्लॉकों में धानी में टेली कंसल्टेशन की संख्या सबसे कम रही। यहां छह सीएचओ के माध्यम से सितंबर में 791 मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिला। इसके बाद पनियरा में 968 मरीजों ने इस सेवा का लाभ उठाया।

कम परामर्श वाले स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण मरीजों को ई-संजीवनी के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह मिल सके।

ई-संजीवनी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को बिना दूर गए विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराना है। इससे मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से ही टेलीमेडिसिन की सुविधा मिल रही है। जिससे यह मरीजों के लिए अच्छी सुविधा की बात है।





आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।