वन क्षेत्र की सड़कें न बनने से लोगों में गुस्सा, डीएम को दिया प्रार्थना पत्र

    06-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। जनपद के नौतनवा से चानकी-बागापार होते हुए महराजगंज जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क और पकड़ी से बोकड़ा जंगल और वहीं फुर्सतपुर होते हुए चानकी पुल तक वन क्षेत्र की सड़क का निर्माण न होने पर स्थानीय ग्रामीणों में गहरा गुस्सा देखने को मिला है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी महराजगंज को प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि नौतनवा से चानकी और बागापार के रास्ते जिला मुख्यालय को जोड़ने के लिए रोहिणी नदी पर चानकी पुल का निर्माण करीब 30 वर्ष पहले हो चुका है। इसके बावजूद जंगल गुलरिहा से चानकी तक लगभग 8 किलोमीटर वन क्षेत्र में सड़क निर्माण नहीं हो सका है।

तय करनी पड़ती है अधिक दूरी 

सड़क नहीं होने के कारण नौतनवा क्षेत्र के लोगों को महराजगंज जिला मुख्यालय जाने के लिए फरेंदा होकर करीब 40 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। लोगों के अनुसार यदि जंगल गुलरिहा से चानकी तक सड़क का निर्माण हो जाता है तो नौतनवा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को काफी राहत मिलेगी। इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

ग्रामीणों ने पकड़ी रेंज के पकड़ी से बोकड़ा जंगल और फुर्सतपुर होते हुए चानकी पुल तक सड़क निर्माण की भी मांग की है। लोगों का कहना है कि मार्ग के अभाव में प्रसिद्ध सिद्धपीठ बोकड़ा देवी मंदिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती है।

वहीं करीब 70 वर्ष पुराने फुर्सतपुर बाजार के अस्तित्व पर भी सड़क सुविधा के अभाव का असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बेहतर सड़क संपर्क नहीं होने से बाजार का कारोबार प्रभावित हो रहा है।


बारिश में बढ़ जाती है परेशानी 

बरसात के मौसम में इस क्षेत्र की स्थिति और भी खराब हो जाती है। सड़क के अभाव में कीचड़ और जलभराव के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक कई स्थानों पर स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि वनटांगिया ग्रामीणों का आवागमन लगभग बंद हो जाता है।

इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और बाजार तक पहुंचने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जनहित की इस महत्वपूर्ण समस्या को गंभीरता से लेते हुए वन क्षेत्र में सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कराने और जल्दी कार्य शुरू कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, मुख्य सचिव, वन मंत्री, प्रधानमंत्री भारत सरकार और स्थानीय सांसद को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। प्राथना पत्र सौंपने वालों में मुख्य रूप से उमेश चन्द मिश्र, रमेश चौधरी, प्रभुदयाल, रामकुमार मौर्य, राजन मौर्या, जितेन्द्र कुमार शुक्ल, विजय सिंह, ओमप्रकाश यादव, काशी प्रसाद, हरेन्द्र कुमार और फैयाज अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से उम्मीद जताई है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का जल्द समाधान होगा और वन क्षेत्र की दोनों महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ होगा।








फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।