
सिसवा बाजार/महराजगंज। दशहरा महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को थाना कोठीभार परिसर में सिसवा क्षेत्र की पीस कमेटी की बैठक की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने जुलूस और धार्मिक कार्यक्रमों के निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी निचलौल अवनीश त्रिपाठी ने धार्मिक जुलूसों एवं कार्यकर्मों के संबंध में जारी प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी लोग आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
वहीं क्षेत्र के अधिकारी रविन्द्र सिंह ने धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान लोगों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा विवादित सामग्री प्रसारित करने से बचने को कहा।
बैठक में थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने महोत्सव के दौरान सामने आने वाली संभावित समस्याओं के बारे में उपस्थित लोगों से जानकारी ली और बात की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने जुलूस मार्ग पर लटक रहे बिजली के तार, विद्युत पोल समेत अन्य समस्याओं से पुलिस एवं प्रशासन को अवगत कराया।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
अधिकारियों ने जुलूस के दौरान मादक पदार्थों के सेवन, तेज आवाज में DJ बजाने, अश्लील गानों और फूहड़ नृत्य से पूरी तरह परहेज करने को कहा। साथ ही स्नेचिंग, छेड़खानी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस सुरक्षा व्यवस्था रखने की बात कही गई।
बैठक में मौजूद रहे सभासद प्रमोद, सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य, प्रमोद जायसवाल, जितेंद्र वर्मा, गंगासागर जायसवाल, रोशन मद्धेशिया, आनंद जायसवाल, अर्जुन जायसवाल, सुनील रौनियार, शिबू बनारसी, हासिम अंसारी, डॉ. बख्शीस सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।