घर की सीढ़ियों के नीचे मिला विशाल मगरमच्छ, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

    06-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज: सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज अंतर्गत ग्राम सभा कटहरी खुर्द में मंगलवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर की सीढ़ी के नीचे विशाल मगरमच्छ बैठा मिला। अचानक मगरमच्छ दिखाई देने से परिवार के लोग घबरा गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक क्षेत्र में छोड़ दिया।


घर से निकलते वक्त व्यक्ति की पड़ी नजर 

कटहरी खुर्द निवासी सूरत भारती के घर में मंगलवार भोर करीब 3:30 बजे एक युवक घर से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सीढ़ियों के नीचे बैठे मगरमच्छ पर पड़ी। अंधेरे में इतने करीब मगरमच्छ को देखकर युवक घबरा गया और उसने तुरंत शोर मचा दिया।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। प्रमोद चौधरी, मनीष मद्धेशिया, नंदलाल गौड़, राजेंद्र लाल श्रीवास्तव, विनोद और मजनू गुप्ता समेत कई लोग वहां जुट गए। सीढ़ियों के नीचे विशाल मगरमच्छ को देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस 

ग्रामीणों ने तत्काल आपातकालीन सेवा 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसके बाद पुलिस ने वन विभाग के अधिकारियों को मगरमच्छ के घर में होने की सूचना दी।

कुछ ही देर में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानी बरतते हुए सीढ़ियों के नीचे बैठे मगरमच्छ को रेस्क्यू करने का अभियान शुरू किया। हालाकिं, काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। 

वन विभाग की टीम मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले गई, जहां उसे छोड़ दिया गया। मगरमच्छ के रेस्क्यू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राय ने बताया कि गांव में मगरमच्छ के आने की सूचना मिलने पर तत्काल वन विभाग के कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया था। टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

गांव में घर की सीढ़ी के नीचे मगरमच्छ मिलने की घटना के बाद ग्रामीणों में वन्यजीवों को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि आसपास किसी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।