नारायणी नदी में मगरमच्छ ने युवक को खींचा, 27 घंटे बाद मिला शव

    06-Oct-2026   
Total Views |

महराजगंज। बीते दिन सोमवार को निचलौल-बहुआर क्षेत्र के गेढ़हवा गांव के पास नारायणी नदी में मछली पकड़ने गए 35 वर्षीय युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ युवक को नदी में खींच ले गया। घटना के बाद सेंचुरी विभाग, पुलिस, SSB और NDRF की टीमों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब 27 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार दोपहर करीब 2:50 बजे युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।

मृतक की पहचान छबिलाल साहनी निवासी गेढ़हवा, जिला महराजगंज के रूप में हुई है। बताया गया कि छबिलाल सोमवार को रोज की तरह नारायणी नदी में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान मछली पकड़ते समय मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और देखते ही देखते उन्हें नदी में खींच ले गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बहुआर चौकी प्रभारी मनोज गुप्ता की निगरानी में पुलिस और अन्य टीमों ने नदी में सर्च अभियान शुरू किया। विभाग, SSB और NDRF की टीमों ने भी तलाश में सहयोग किया। करीब 27 घंटे तक चले अभियान के बाद मंगलवार दोपहर शव बरामद किया जा सका।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा 
शव बरामद होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। बहुआर चौकी प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शासन की ओर से नियमानुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन ने घटना के बाद ग्रामीणों से नारायणी नदी के किनारे विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को नदी में जाने और मछली पकड़ने के दौरान सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राय ने बताया कि नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को हैचिंग पीरियड के दौरान नदी क्षेत्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है।  मगरमच्छ के ताजा हमले के बाद क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

वन विभाग और प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे नदी किनारे जाने से बचें और विशेष रूप से मछली पकड़ने या अन्य गतिविधियों के लिए नदी में न उतरें। किसी भी स्थिति में मगरमच्छ दिखाई देने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है। 








फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।