महराजगंज। महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज हवा के दौरान एक रेस्टोरेंट का प्रचार बोर्ड बाइक सवार मां-बेटे के ऊपर गिर गया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाते समय उसकी मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे उसके बेटे को चोट नहीं लगी।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी सुभावती छप्पन (55) पत्नी विद्यासागर बुधवार सुबह अपने बेटे दुर्विजय के साथ इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज गई थीं। वहीं, इलाज कराने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मौसम खराब होने के साथ तेज हवाएं चलने लगीं। बताया गया कि गोरखपुर-परतावल मार्ग पर महाराजा रेस्टोरेंट के सामने सड़क के बीच लगाए गए प्रचार बोर्ड को तेज हवा ने अचानक गिरा दिया। बोर्ड बाइक पर गिरने से पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
लोगों की मदद से महिला को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया। CHC की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. फुरकान ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार महिला की सीएचसी पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची।
थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।