
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के सोंधी गांव में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने जेवरात समेत घर में रखा अनाज चोरी कर लिया। परिवार के साथ मायके गई महिला जब वापस लौटी तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। महिला ने गांव के ही एक युवक पर चोरी की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की है।
सोंधी गांव निवासी उर्मिला के मुताबिक, वह 1 अक्टूबर को परिवार के साथ मायके गई थीं। 4 अक्टूबर को जब वह घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर पहुंचने पर सामान इधर-उधर पड़ा था। जांच करने पर अलमारी का लॉकर भी टूटा मिला।
पीड़िता का आरोप है कि चोर अलमारी में रखे पायल, मंगलसूत्र, नथिया, टीका, बिछुआ और अंगूठी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। इसके अलावा घर में रखा गेहूं और चावल भी गायब मिला।
उर्मिला ने गांव के ही गुड्डू पर चोरी की आशंका जताई है। पीड़िता के अनुसार, मायके जाने से पहले गुड्डू ने उनसे मोबाइल फोन मांगा था। मोबाइल नहीं देने पर उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की थी। इसी आधार पर महिला ने युवक पर संदेह जताया है।
पीड़िता ने कोल्हुई थाने में तहरीर देकर मामले की जांच कराने और दोषी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।