
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के महुवारी टोला रायपुर में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव कटहल के पेड़ से फंदे पर लटकता मिला। खेत में ग्रामीणों ने शव को पेड़ से लटकते देखा तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने जल्द ही घटना की सूचना कोल्हुई थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की मौत के पीछे का कारण, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।