
महराजगंज। 22वीं वाहिनी के कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर के नेतृत्व में प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर में नशामुक्त अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गलत प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसके साथ ही नशे की आदत व्यक्ति के परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है।
इस अभियान में कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के भविष्य को बर्बाद करने के साथ-साथ परिवार और समाज में भी कई तरह की सामाजिक समस्याओं को जन्म देती है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक सामान्य अमित कुमार, सहायक उप निरीक्षक भूषण लाल, सहायक उप निरीक्षक सुझाव दत्त, मुख्य आरक्षी सामान्य मिथिलेश सिंह, आरक्षी नंदेश ओझा, मुख्य आरक्षी रजनीश तिवारी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा।